गोपालगंज जिले के थावे दुर्गा मंदिर से चोरी हुए बहुमूल्य आभूषणों की बरामदगी को लेकर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को 13वें दिन भी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया। नगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम, सदर एसडीपीओ प्रांजल के निर्देशन में नगर थाना क्षेत्र के साथ-साथ मांझागढ़ थाना क्षेत्र के संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, चोरी की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच को हर स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस हिरासत में लिए गए कुछ आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है। उनकी निशानदेही पर संभावित स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है, जहां चोरी किए गए आभूषणों को छिपाए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस टीम तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर मिली सूचनाओं के आधार पर भी कार्रवाई कर रही है।

बताया जा रहा है कि थावे मंदिर से हुई चोरी की घटना ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को, बल्कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को भी आहत किया है। मंदिर से लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है, ऐसे में इस मामले का जल्द खुलासा पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसी कारण जिले के वरीय अधिकारी स्वयं पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि पुलिस पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही चोरी हुए आभूषणों की बरामदगी के साथ पूरे मामले से पर्दा उठा लिया जाएगा। इधर, लगातार हो रही छापेमारी से इलाके में हलचल बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि जब तक चोरी हुए आभूषण बरामद नहीं हो जाते और मामले का पूरी तरह खुलासा नहीं हो जाता, तब तक अभियान जारी रहेगा।