देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है। बृहस्पतिवार को अलग-अलग गांवों में बंदरों के हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना सोहनरिया गांव में हुई, जहां दीपू गुप्ता पर अचानक पीछे से बंदर ने हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गए और उन्हें तुरंत इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया।

दूसरी घटना बसंतपुर धूसी गांव की है, जहां एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची को बंदर ने काट लिया। बच्ची के परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज किया गया। तीसरी घटना परासखाड़ गांव में सामने आई, जहां 11 वर्षीय जाह्नवी पर बंदर ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई।

लगातार हो रहे इन हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग अपने बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी डर महसूस कर रहे हैं। कई ग्रामीणों ने प्रशासन से बंदरों को पकड़ने और इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

वन विभाग के क्षेत्राधिकारी अनुपम मौर्य ने बताया कि घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद संबंधित ग्राम प्रधानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही समस्या के समाधान के लिए कार्रवाई की जाएगी।