खुखुंदू थाना क्षेत्र के पिपरा शुक्ल गांव में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। आरोप है कि एक पक्ष ने धारदार हथियार से हमला किया, जिसमें कुल नौ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दो की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार अरविंद शर्मा और सुग्रीव गोड़ के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ते-बढ़ते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि सुग्रीव गोड़ पक्ष की ओर से एक युवक धारदार हथियार लेकर अरविंद पक्ष पर हमला कर दिया।
इस घटना में किरन देवी, मनोरमा देवी, सनकेशिया देवी, अर्चना देवी, राजकुमारी देवी, हर्षित, अंगद और हिमांशु घायल हुए हैं। शनिवार सुबह दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां थाना गेट पर एक बार फिर भिड़ंत हो गई।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
