खुखुंदू (देवरिया):
जनपद Deoria के खुखुंदू थाना क्षेत्र में स्कूल के एक पुराने विवाद को लेकर मनबढ़ों द्वारा आठवीं कक्षा के छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है। घटना डुमरिया लाला गांव की है, जहां सोमवार दोपहर छात्र को गांव के बाहर बुलाकर 10–12 युवकों ने घेरकर मारपीट की।
पीड़ित छात्र रितेश कुमार (15 वर्ष), पुत्र रामबिहारी प्रसाद, बगल के नारायनपुर गांव स्थित स्कूल में कक्षा आठवीं का छात्र है। परिजनों के अनुसार करीब एक पखवाड़ा पहले रितेश का स्कूल में किसी बात को लेकर दोस्तों से विवाद हुआ था, जो बाद में शांत हो गया था। सोमवार को उसके एक दोस्त ने मोबाइल फोन पर बात कर गांव के बाहर सड़क पर मिलने के लिए बुलाया। वहां पहुंचते ही पहले से मौजूद युवकों ने उसे घेर लिया और पिटाई शुरू कर दी।
मारपीट में रितेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। घटना के बाद पीड़ित छात्र की मां सरीता देवी ने खुखुंदू थाने पहुंचकर तहरीर दी है।
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जानकारी मिल चुकी है और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
