देवरिया के विकास भवन स्थित गांधी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्थापित गोवंश आश्रय स्थलों की स्थापना, संचालन, प्रबंधन और अब तक हुए क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करना रहा।

बैठक में अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, समस्त पशुचिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी, सभी खण्ड विकास अधिकारी तथा नगर पंचायत व नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पिछले आदेशों के अनुपालन की स्थिति प्रस्तुत की गई। इसके साथ ही सिक रूम निर्माण, बृहद गो संरक्षण केन्द्र सुकरौली, अस्थायी गो आश्रय स्थल हरपुरकला व भैसाडाबर में निर्माण, विद्युतकरण, घांटी सहित अन्य आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया गया।

बैठक में एसएफसी पूलिंग, शीत ऋतु की तैयारियां, खाद व पराली संग्रहण, गोबर उत्पादन और उपयोग, चारागाह से खेत निर्माण व चारा उत्पादन, साईलेज तथा संकेंद्रित राशन क्रय भुगतान पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गो आश्रय स्थलों से संबंधित निरीक्षण आख्या समय पर अपलोड की जाए तथा उपलब्ध सुविधाओं और प्रबंधन से जुड़ी जानकारी निर्धारित समय में उपलब्ध कराई जाए। सभी अधिकारियों को समीक्षा बिंदुओं के प्रभावी एवं समयबद्ध अनुपालन हेतु निर्देशित किया गया।