देवरिया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। तहसील बरहज के सभागार में दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

डीएम ने लेखपालों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें और भूमि विवाद से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का निस्तारण मौके पर संभव नहीं हो सका है, उन्हें तय समय-सीमा के भीतर प्रभावी ढंग से निपटाया जाए, ताकि आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

समाधान दिवस के दौरान पात्र आवेदकों को मौके पर ही राशन कार्ड उपलब्ध कराए गए, वहीं एक आवेदक को खतौनी दुरुस्तीकरण के माध्यम से तत्काल राहत दी गई।

कार्यक्रम में कुल 78 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व, पुलिस, विकास, खाद्य एवं रसद सहित अन्य विभागों से जुड़े मामले शामिल थे। इनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।