देसही देवरिया के महुअवा गांव में बृहस्पतिवार की रात चार दिवसीय रात्रिकालीन दुग्गी क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। महुअवा प्रीमियर लीग के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि फूलबदन पटेल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
उद्घाटन मुकाबला भटनी दादन और बखरा की टीमों के बीच खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बखरा की टीम चार ओवर में तीन विकेट खोकर मात्र 15 रन ही बना सकी। ओपनर बल्लेबाज सोनू ने पांच रन बनाए, जबकि अरमान तीन रन बनाकर आउट हो गए। भटनी दादन के गेंदबाज आदर्श ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच रन देकर दो विकेट झटके और विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भटनी दादन की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र दो ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए भटनी दादन के शोएब को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता के शुभारंभ से क्षेत्र में खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
