मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंजरिया और बेलही में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेले में दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की और सभी मरीजों को उपलब्ध सुविधाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

सीएमओ ने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक, स्टाफ नर्स और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पर संतोष जताया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रसव सुविधा सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए कहा कि आरोग्य मेले में आने वाले प्रत्येक मरीज को स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध सभी सेवाओं का लाभ मिलना चाहिए।

सीएमओ डॉ. गुप्ता ने बताया कि जिले के 80 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में कुल 3224 मरीजों का इलाज किया गया। इस दौरान मलेरिया, डेंगू, हेपेटाइटिस बी और हेपेटाइटिस सी सहित कुल 228 जांचें की गईं।

निरीक्षण के दौरान पीएचसी बंजरिया में ओपीडी, दवा भंडारण कक्ष और लैब का अवलोकन करते हुए उन्होंने मरीजों के साथ मधुर व्यवहार रखने, दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके बाद पीएचसी बेलही पहुंचे सीएमओ ने भी चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को स्वच्छता बनाए रखने और मरीजों को बेहतर सेवाएं देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उनके साथ राय कमलेश्वर श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।