देवरिया। शहर के गोरखपुर रोड स्थित ओवरब्रिज के बगल में चीनी मिल मैदान में लगे मेले को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र ओवरब्रिज पर फोटो, वीडियो और सेल्फी लेने पर रोक लगा दी है। हादसे की आशंका को देखते हुए ओवरब्रिज के एक तरफ ग्रीन बैरिकेड भी लगाए गए हैं, ताकि लोग पुल के नीचे झांक न सकें।

बताया गया कि गोरखपुर रोड का ओवरब्रिज पहले से ही संवेदनशील माना जाता है। इसके पास मेले व प्रदर्शनी के कारण राहगीर और दर्शक ओवरब्रिज पर रुककर फोटो व वीडियो बना रहे थे, जिससे दुर्घटना की संभावना बढ़ गई थी। इस मुद्दे को 19 दिसंबर को दैनिक जागरण ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई।

ओवरब्रिज पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, जिन पर स्पष्ट लिखा है कि पुल पर खड़े होकर फोटो खींचना, वीडियो बनाना और सेल्फी लेना दंडनीय अपराध है। ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

गौरतलब है कि वर्ष 2023 में भी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए एसडीएम ने मेला व प्रदर्शनी की अनुमति निरस्त कर दी थी। इस संबंध में आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ग्रीन बैरिकेड लगाए गए हैं और ओवरब्रिज पर फोटो व सेल्फी लेने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।