शासन के निर्देशानुसार संचालित कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के अंतर्गत जनपद देवरिया में शनिवार को कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए ई-लॉटरी प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई। प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर, सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन तथा इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजनाओं के तहत पात्र कृषकों का चयन किया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित जनपद स्तरीय समिति की उपस्थिति में गांधी सभागार, विकास भवन देवरिया में ई-लॉटरी आयोजित हुई। ई-लॉटरी के माध्यम से कुल 18 कृषकों ने बुकिंग कराई थी, जिनमें से 8 कृषकों का चयन किया गया।
चयनित कृषकों को रोटावेटर, लेजर लैंड लेवलर, कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना, सुपर सीडर तथा ऑयल मिल विद फिल्टर प्रेस जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ प्रदान किया जाएगा। चयनित किसानों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से बिल अपलोड करने की अंतिम तिथि की जानकारी भेज दी गई है।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि चयनित कृषकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कृषि यंत्र क्रय कर पोर्टल पर बिल, यंत्र के साथ फोटो, लेजर कटिंग नंबर की फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी, जाति प्रमाण पत्र, शपथ पत्र एवं बैंक स्टेटमेंट अपलोड करना अनिवार्य होगा। साथ ही संबंधित पत्रावली स्वयं कार्यालय में निर्धारित कर्मचारी के पास जमा करनी होगी।
ई-लॉटरी कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी सहित कई प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहे।
