जनपद देवरिया में कर्तव्यनिष्ठा और साहस का परिचय देने वाले आरक्षी को पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया है। थाना रामपुर कारखाना पर तैनात आरक्षी कुन्दन सोनकर ने 13 दिसंबर 2025 को तत्परता दिखाते हुए एक बड़ी घटना को होने से रोक दिया।

जानकारी के अनुसार, आरक्षी कुन्दन सोनकर विश्व भोजपुरी सम्मेलन ड्यूटी हेतु राजकीय इंटर कॉलेज देवरिया जा रहे थे। इसी दौरान कसया ओवरब्रिज के पास उन्होंने देखा कि तीन अज्ञात युवक एक अन्य युवक को चाकू मारने की नीयत से दौड़ा रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए आरक्षी ने तुरंत अपनी मोटरसाइकिल रोकी और साहस दिखाते हुए तीनों युवकों से चाकू छीन लिया।

हालांकि आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, लेकिन आरक्षी की तत्परता से एक निर्दोष युवक की जान बच गई और बड़ी वारदात टल गई। इस सराहनीय कार्य को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री संजीव सुमन ने आरक्षी कुन्दन सोनकर को नगद ₹5000 का पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।