जिला पंचायत अध्यक्ष पं० गिरीश चंद्र तिवारी की अध्यक्षता में जिला एकीकरण समिति की बैठक विकास भवन स्थित गांधी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर), सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में समिति के सदस्य कमलेश पाण्डेय, प्रभा भारती, बबिता चौहान, अखण्ड प्रताप सिंह, विश्वजीत सिंह सैंथवार तथा जिला पंचायत के सदस्य मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ० शोभा शुक्ला, फादर सिन्जो जॉन (संतपुष्पा मिशन), विस्मिल्ला लारी (पूर्व सदर, अंजुमन इस्लामिया) और दामोदरदास ग्रंथी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।
बैठक के दौरान कौमी एकता सप्ताह एवं महान विभूतियों के जन्मदिवस कार्यक्रमों के आयोजन पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही खेल, शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को जिला एकीकरण समिति की ओर से अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष एवं मुख्य विकास अधिकारी ने समिति की भूमिका, उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डालते हुए जनपद देवरिया में आपसी सौहार्द, भाईचारा और अमन-शांति बनाए रखने की अपील की।
