देवरिया में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 19 मार्च 2026 को जिला कारागार में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माननीय जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री धनेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर का संचालन सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज (सीडी) श्रीमती शैलजा मिश्रा द्वारा किया गया।

इस अवसर पर जेल में निरुद्ध बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, मुफ्त विधिक सहायता, जमानत प्रक्रिया तथा न्यायालय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से दी गईं। सचिव ने बंदियों को बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को न्याय पाने का अधिकार है और विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंदों को निःशुल्क सहायता उपलब्ध कराता है।

कार्यक्रम के उपरांत सचिव द्वारा जिला कारागार का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए कारागार प्रशासन को निर्धारित मानकों के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कारागार चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया गया और बंदियों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी समस्याएं जानी गईं।

सचिव ने कारागार अधीक्षक को बंदियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान जिला कारागार अधीक्षक आशीष रंजन, कारापाल राजकुमार वर्मा, एलएडीसी एवं जेल वार्डन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।