पुलिस अधीक्षक Sanjiv Suman के निर्देशन में डायल 112 मुख्यालय एवं जनपद की संयुक्त टीम द्वारा “जागरूकता की बात जन-जन के साथ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) Sunil Kumar Singh के कुशल पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़-नाटक के माध्यम से सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा डायल 112 के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही आपातकालीन सेवाओं जैसे आकस्मिक सहायता, सड़क दुर्घटनाओं में मदद, महिला सुरक्षा एवं अन्य आपात सेवाओं की जानकारी आमजन को दी गई। नुक्कड़-नाटक के माध्यम से यह बताया गया कि किसी भी संकट की स्थिति में डायल 112 पर कॉल कर तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है।

इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य आमजन में डायल 112 पुलिस सेवाओं के प्रति विश्वास बढ़ाना और आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए लोगों को जागरूक करना रहा। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चियों और छात्राओं को किसी भी परेशानी में डायल 112 पुलिस से मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

कार्यक्रम थाना कोतवाली क्षेत्र के चीनी मिल ग्राउंड, सोनूघाट चौराहा, रुद्रपुर मोड़ सहित अन्य स्थानों पर आयोजित किया गया। इस अवसर पर डायल 112 मुख्यालय टीम के साथ जनपद के डायल 112 पुलिस प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार बाजपेयी अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे।

इस दौरान “नंबर एक 112, सेवाएं अनेक” और “शहर हो या देहात, दिन हो या रात, UP112 है आपके साथ” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम की जानकारी Deoria Police के सोशल मीडिया सेल द्वारा दी गई।