चनुकी क्षेत्र में रविवार को दो अलग-अलग गांव की रहने वाली दो युवतियों के रहस्यमय तरीके से घर से लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने देर शाम तक खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका। एक युवती के परिवार ने पुलिस को तहरीर देते हुए गंभीर आशंका जताई है कि दोनों को बहला-फुसलाकर हरियाणा ले जाकर बेचने की साजिश हो सकती है।

परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस की हिरासत में लिया गया व्यक्ति और उसका भाई युवतियों को बहाने से हरियाणा ले जाते हैं तथा वहां पैसों के बदले उनकी शादी कराते हैं। बताया गया कि दोनों युवतियां सहेलियां थीं और एक-दूसरे के घर आने-जाने का सिलसिला था। रविवार को एक युवती अपनी सहेली के घर गई, जिसके बाद दोनों अचानक गायब हो गईं।

पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हिरासत में लिए गए व्यक्ति के मोबाइल में दोनों युवतियों के संपर्क नंबर पाए जाने की बात सामने आई है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।