देवरिया जिले में नए साल के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा विस्तार होने जा रहा है। नर्सिंग की पढ़ाई के लिए एक नया नर्सिंग कॉलेज खुलेगा, वहीं मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) के निर्माण से गंभीर मरीजों को जिले में ही बेहतर इलाज मिल सकेगा।
Maharshi Devaraha Baba Medical College की स्थापना के बाद लगातार नई स्वास्थ्य व शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। मेडिकल कॉलेज में इस वर्ष से प्रतिवर्ष 100 एमबीबीएस डॉक्टर तैयार हो रहे हैं। अब नर्सिंग स्टाफ की कमी दूर करने के लिए कॉलेज परिसर में नर्सिंग कॉलेज का निर्माण तेजी से चल रहा है, जिसके जून 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। आगामी शैक्षिक सत्र से यहां पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस नर्सिंग कॉलेज में प्रत्येक बैच में 60 सीटें होंगी और चार वर्षीय बीएससी नर्सिंग कोर्स संचालित किया जाएगा। इससे चार वर्ष बाद प्रतिवर्ष 60 प्रशिक्षित नर्सिंग प्रोफेशनल्स जिले को मिलेंगे। मेडिकल कॉलेज में मरीजों की अधिक संख्या के कारण यहां से निकलने वाले नर्सिंग स्टाफ को बेहतर व्यावहारिक अनुभव मिलेगा, जिसका सीधा लाभ मरीजों को मिलेगा।
दूसरी ओर मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण भी तेजी से जारी है। तीन मंजिला इस यूनिट में 50 बेड होंगे। इसे 16 करोड़ रुपये की लागत से 4159.86 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में तैयार किया जा रहा है। इसके दिसंबर 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। यूनिट के तैयार हो जाने से गंभीर रोगियों को हायर सेंटर रेफर करने की जरूरत कम होगी और जिले में ही उन्नत इलाज उपलब्ध हो सकेगा।
