देवरिया।
मंगलवार की रात करीब 8:30 बजे शहर में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब तेज रफ्तार पोकलेन एक कार में टक्कर मारने के बाद बेकाबू हो गया। पोकलेन ने शहर के सीसी रोड पर करीब 500 मीटर तक उत्पात मचाते हुए पांच कारों और एक बाइक को रौंद दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पोकलेन चालक नशे में धुत था।

संयोगवश इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। पोकलेन को रोकने के लिए लोगों ने पीछा किया और हनुमान मंदिर के पास पथराव कर उसे रोका गया। गुस्साए लोगों ने चालक को पकड़कर उसकी पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।

बताया गया कि गोरखपुर रोड ओवरब्रिज के पास अब्दुल गनी शाह बाबा की मजार गिराने के बाद पोकलेन को चीनी मिल मैदान के पास खड़ा किया गया था। अमेठी जिले का निवासी रंजीत पोकलेन चला रहा था। रात में वह पोकलेन लेकर खोराराम की ओर जा रहा था। परशुराम चौक के पास उसने पहले एक स्विफ्ट डिजायर कार में टक्कर मारी। लोगों द्वारा रोकने के इशारे के बावजूद वह भागने लगा।

भागने के दौरान पोकलेन ने हनुमान मंदिर और परशुराम चौक के बीच सामने से आ रही क्रेटा कार को बुरी तरह कुचल दिया। क्रेटा में सवार श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के रतसिया कोठी निवासी प्रवीण सिंह और बलिया जिले के सुजीत सिंह बाल-बाल बच गए, हालांकि वे कार में फंस गए थे। भीड़ ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।

हनुमान मंदिर के पास चालक ने पोकलेन को फिल्मी अंदाज में घुमाना शुरू कर दिया, जिससे लोगों का गुस्सा और भड़क उठा। पथराव के बाद चालक को काबू में किया गया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पोकलेन को कब्जे में ले लिया गया है और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।