देवरिया। नेपाल में तीन से पांच जनवरी तक आयोजित तंग इल मूडो, कोरियन ओपन मार्शल आर्ट इंटरनेशनल इंडो-नेपाल चैंपियनशिप में देवरिया के पांच खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में देवरिया के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।

नेपाल के धनगढ़ी स्थित कैलाली में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में भारत के 43 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। देवरिया के कृष्णा वर्मा ने 25–30 किग्रा भार वर्ग, आशि मिश्रा ने 30–35 किग्रा भार वर्ग और आयुष यादव ने 60–65 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं निखिल पटेल ने 40–45 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक और असरफ खान ने 50–55 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीता।

इस चैंपियनशिप में आलोक कुमार मिश्र ने अंतरराष्ट्रीय रेफरी और जूरी की भूमिका निभाई, जबकि आयुष यादव ने भी नेपाल में रेफरी की जिम्मेदारी निभाकर सराहना प्राप्त की। टीम मैनेजर की भूमिका मुहम्मद उमर फारूक ने निभाई। पदक विजेता खिलाड़ियों को बुधवार को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कलेक्ट्रेट में सम्मानित किया।