कोतवाली क्षेत्र की एक युवती को बहला-फुसलाकर नेपाल ले जाकर हत्या करने के आरोप में वाराणसी के बुद्धा सिटी सारनाथ निवासी सुनील यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान सुनील के परिजनों ने विरोध किया, जिसके बाद वाराणसी में अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है। देवरिया कोतवाली पुलिस, सर्विलांस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को पकड़ा गया।
फरवरी 2025 में युवती की बहन ने सुनील पर अनुपमा यादव को अगवा करने का आरोप लगाया था। जांच में सामने आया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और अप्रैल में शादी प्रस्तावित थी। 19 फरवरी को सुनील खरीदारी के बहाने अनुपमा को नेपाल ले गया। देवरिया से निकलने के बाद अनुपमा ने फोन पर आशंका जताई थी कि सुनील उसे अनजान जगह ले जा रहा है, इसके बाद दोनों के फोन बंद हो गए।
जांच में खुलासा हुआ कि अनुपमा की नेपाल में हत्या कर शव फेंक दिया गया था। नेपाल पुलिस से सूचना मिलने पर मामला अपहरण से बढ़ाकर हत्या में परिवर्तित किया गया। सीओ नगर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि सारनाथ में लोकेशन ट्रेस होने पर टीम ने सुनील को गिरफ्तार किया। परिजनों के विरोध और पिस्टल छीनने के प्रयास के बावजूद पुलिस ने आरोपी को कस्टडी में ले लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
