देवरिया जनपद में निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए प्रशासन ने अहम पहल की है। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई।
इसके साथ ही जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र यानी National Informatics Centre की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी गई है, जिससे आम नागरिक आसानी से अपनी जानकारी देख सकें। प्रशासन का यह कदम पारदर्शिता बढ़ाने और चुनाव प्रक्रिया में विश्वास कायम करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे मतदाता सूची का गंभीरता से अवलोकन करें और यदि कोई आपत्ति या सुझाव हो तो निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रस्तुत करें, ताकि आवश्यक सुधार किए जा सकें। साथ ही सभी बूथों पर बीएलओ द्वारा अंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम श्रुति शर्मा, एसडीएम अवधेश निगम, तहसीलदार के.के. पांडेय सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR)-2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने सभी को माला पहनाकर प्रशस्ति-पत्र, लंच बॉक्स और पानी की बोतल भेंट की। उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मान से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है और वे भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होते हैं।
