देवरिया – पुलिस अधीक्षक श्री संजीव सुमन के निर्देशन में जनपद पुलिस ने गुरुवार को सुबह 5 बजे से 8 बजे तक “मार्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया। अभियान का उद्देश्य शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना को और मजबूत करना था।

इस दौरान जिले के सभी थानाध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में आम लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों की गहन जांच की गई। पुलिस ने बताया कि यह पहल सामुदायिक सहभागिता के तहत मित्र पुलिसिंग की भावना को बढ़ावा देने के लिए की गई है।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, तीन सवारी चलने, मॉडिफाइड साइलेंसर वाले दुपहिया वाहनों और विधिविरुद्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी। संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई और अवैध असलहा व मादक पदार्थों की रोकथाम पर कार्रवाई की गई।

जनसामान्य ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस अभियान से लोगों में सुरक्षा का भरोसा और पुलिस के प्रति विश्वास और बढ़ा है। अभियान के दौरान जनपद के कुल 23 स्थानों पर चेकिंग की गई, जिसमें 488 व्यक्तियों और 306 वाहनों की जांच की गई।

देवरिया पुलिस ने बताया कि ऐसे अभियानों को निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और जनता का विश्वास कायम रहे।