देवरिया। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत शुक्रवार को देवरिया पुलिस ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में थाना बरहज की मिशन शक्ति टीम — उपनिरीक्षक सर्वेश सिंह, उपनिरीक्षक सुभाषचंद्र यादव, महिला आरक्षी रजनी सिंह, सीमा यादव, प्रियंका यादव और कांस्टेबल बबलू गिरी ने हर्ष इंटर कॉलेज, बरहज में छात्राओं और महिलाओं को विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
इनमें डायल 112, महिला हेल्पलाइन 181, वुमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, सीएम हेल्पलाइन 1076, वन स्टॉप सेंटर 181, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108, और साइबर हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। छात्राओं को इन सेवाओं के प्रयोग और महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसी क्रम में थाना बघौचघाट की मिशन शक्ति टीम — उपनिरीक्षक पवन शर्मा, महिला आरक्षी सीमा पांडेय, कांस्टेबल दीपक यादव और राजवेन्द्र सिंह ने स्थानीय विद्यालयों में छात्राओं को जागरूक किया और उन्हें आत्मरक्षा के प्रति सजग रहने की सलाह दी।
साथ ही जनपद के सभी थाना क्षेत्रों की एंटी रोमियो और मिशन शक्ति टीमों ने सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों पर जाकर पम्पलेट वितरित किए तथा महिलाओं-बालिकाओं को सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
देवरिया पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देना और उन्हें किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए सक्षम बनाना है।
