देवरिया जिले के रुद्रपुर क्षेत्र के डहरौली में हुए पेट्रोल पंप लूटकांड का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से अवैध असलहे, कारतूस, लूट की नकदी और घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय ने पुलिस लाइन में पत्रकारों को बताया कि पुलिस की टीमें बदमाशों की तलाश में लगी हुई थीं। शनिवार शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रुद्रपुर-डाला मार्ग पर लखनाघाट मोड़ के पास घेराबंदी कर छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान गोलू यादव, राजन गुप्ता, राहुल साहनी, शिवम सिंह, रोशन यादव उर्फ छोटू और नितेश यादव के रूप में हुई है। इनकी उम्र 19 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सभी आरोपी गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल (32 बोर), चार तमंचे (315 बोर) और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा लूट की 4,900 रुपये नकदी और दो बाइक भी बरामद हुईं, जिनमें से एक बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।
पूछताछ में आरोपियों ने 28 फरवरी 2026 को डहरौली बुजुर्ग स्थित ओंकार साहनी के पेट्रोल पंप पर लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इस दौरान बदमाशों ने पेट्रोल पंप के सेल्समैन सचिन साहनी को तमंचा दिखाकर 8,400 रुपये लूट लिए थे और भागते समय हवाई फायरिंग भी की थी।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने तीन दिसंबर 2025 को एकौना थाना क्षेत्र के करहकोल के पास तिघरा खैरवा बंधे पर एक व्यक्ति से मोबाइल और बाइक भी लूटी थी। इस संबंध में एकौना थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। सफल अनावरण करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर, उप निरीक्षक श्रीनिवास यादव, कृष्णकांत, अंकित यादव और विरेन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
