देवरिया जिले के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां पेड़ से गिरने के बाद एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना ग्राम बंजरिया की है, जहां 55 वर्षीय रामनाथ प्रसाद अपने घर के पास लगे सिरफल के पेड़ पर चढ़कर फल तोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से नीचे गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें गोरखपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही रामनाथ प्रसाद ने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
