देवरिया जिले के बरहज क्षेत्र के आजाद नगर मोहल्ले में एक 17 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। मृतक की पहचान विशाल चौहान के रूप में हुई है। इस घटना के बाद परिवार समेत पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशाल ने अपने घर में पंखे की कुंडी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे का दरवाजा बंद रहने पर परिजनों को शक हुआ। कई बार आवाज देने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए।
परिजनों ने तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विशाल शांत स्वभाव का युवक था और इस तरह का कदम उठाने की वजह समझ से परे है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। साथ ही सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
