देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। इस मामले में 3 अभियुक्तों और 1 अभियुक्ता सहित कुल 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
घटना 12 अप्रैल 2026 की रात की है, जब बैतालपुर में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की पहचान पप्पू यादव, निवासी सोपारी बुजुर्ग के रूप में की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतक के पिता की तहरीर पर गौरीबाजार थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर 6 नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में गठित टीम ने 15 अप्रैल को इस मामले में बड़ी सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपियों में नवनाथ गोड़, मालती, आनंद कुमार उर्फ कुमकुम और रामसकल यादव शामिल हैं। इन्हें अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से मृतक का एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है।
