देवरिया : खड्डा क्षेत्र में गंडक नदी के भैसहा घाट पर प्रस्तावित पक्के पुल के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। शनिवार को विधायक विवेकानंद पांडेय की मौजूदगी में लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम तथा बाढ़ खंड के अभियंताओं की संयुक्त टीम ने स्थल निरीक्षण कर पुल के डिजाइन को अंतिम रूप देने संबंधी चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान नदी के संभावित स्वरूप में बदलाव, सुरक्षा के पहलू तथा तकनीकी मानकों को ध्यान में रखते हुए विस्तृत सुझावों का आदान-प्रदान किया गया। निरीक्षण के बाद संभावित नक्शे के आधार पर अधिकारियों ने बैठक कर पुल निर्माण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गति शक्ति योजना के तहत भैसहा घाट पर पक्का पुल निर्माण की घोषणा की थी। इस पुल के बनने से लगभग 50 हजार की आबादी को सीधे सड़क मार्ग से जोड़े जाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रस्तावित पुल की लंबाई लगभग साढ़े चार किलोमीटर तथा लागत करीब 649 करोड़ रुपये अनुमानित है, जबकि पुल के दोनों तरफ साढ़े तीन किलोमीटर से अधिक एप्रोच मार्ग बनाए जाने की योजना भी शामिल है।
