देवरिया जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत रविवार को विशेष पहल “बहू-बेटी अभियान” व्यापक स्तर पर चलाया गया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में चौपाल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के तहत परित्यक्ता, तलाकशुदा, निराश्रित तथा दहेज उत्पीड़न की शिकार महिलाओं और बालिकाओं के उत्थान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही नए आपराधिक कानूनों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।

थाना तरकुलवा की मिशन शक्ति टीम द्वारा ग्राम कंचनपुर, महुआडीह थाना टीम द्वारा अकटहिया, रुद्रपुर थाना टीम द्वारा आजाद नगर वार्ड, एकौना थाना टीम द्वारा डढ़िया, लार थाना टीम द्वारा इन्द्रनगर वार्ड, खुखुन्दू थाना टीम द्वारा भटहर टोला, भाटपार रानी थाना टीम द्वारा मदनचक, भटनी थाना टीम द्वारा नूरीगंज, बरहज थाना टीम द्वारा महिला घाट तथा मईल थाना टीम द्वारा ग्राम मईल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस दौरान मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने गांवों और कस्बों में महिलाओं तथा बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। महिलाओं को दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और सामाजिक कुरीतियों से बचाव के तरीके तथा कानूनी प्रक्रिया के बारे में बताया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबर जैसे 112, 181, 1090, 102, 1076, 1098, 108 और 1930 के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना तथा अन्य सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देकर पंपलेट वितरित किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है तथा इस प्रकार के कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।