देवरिया। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत मंगलवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में मिशन शक्ति टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में जाकर महिलाओं व छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी।

थाना बरहज की टीम ने बाबा गया दास इंटर कॉलेज, नंदनवार्ड में और थाना भटनी की टीम ने बहादुरपुर मेमोरियल पीजी कॉलेज में छात्राओं को हेल्पलाइन नंबरों — 112, 181, 1090, 1098, 1076, 102 और 108 — की जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया। इसी तरह थाना तरकुलवा, मदनपुर और सलेमपुर की मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चौपाल और शैक्षणिक संस्थानों में जाकर महिलाओं को सुरक्षा से संबंधित सरकारी योजनाओं और सहायता सेवाओं की जानकारी दी।

इसके साथ ही एंटी रोमियो टीमों ने सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों पर पंपलेट वितरित कर महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर और सजग रहने का संदेश दिया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य हर महिला और बालिका को सुरक्षित, आत्मविश्वासी और सशक्त बनाना है।