देवरिया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से गुरुवार को देवरिया यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।
यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में अभियान के दौरान बिना हेलमेट चलाने वालों, तीन सवारी बैठाने वालों और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इसके साथ ही कसया ओवरब्रिज, मालवीय रोड और बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
वहीं न्यू कॉलोनी स्थित डॉ. गुलाम रसूल और आस्था हॉस्पिटल के सामने नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर भी एम.वी. एक्ट के तहत चालान और सीज की कार्यवाही की गई।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने कुल 139 वाहनों का ई-चालान किया और 4 वाहनों को सीज किया। पुलिस ने बताया कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और अनुशासन बना रहे।
