दिनांक 18 नवंबर 2025 को उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश और माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया श्री धनेन्द्र प्रताप सिंह के आदेशानुसार देवरिया के दीवानी न्यायालय परिसर स्थित केंद्रीय सभागार में राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता हेतु प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री मनोज कुमार तिवारी ने की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि चिन्हित मामलों को संदर्भित करते हुए अधिक से अधिक मामलों को लोक अदालत में प्रस्तुत करें, जिससे अधिकतम संख्या में विवादों का निस्तारण संभव हो सके। उन्होंने अधिकारीगण से व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार और विधिक साक्षरता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया।

नोडल अधिकारी/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री कुमार गौरव ने सभी विभागों से लोक अदालत की सफलता के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 13 दिसंबर 2025, दिन शनिवार को आयोजित की जाएगी, जिसमें बैंक, बीमा, राजस्व, विद्युत, जल, सेवा संबंधी वेतन एवं भत्ते, सिविल, श्रम, लघु आपराधिक मामले तथा प्री-लिटिगेशन वादों का निस्तारण किया जाएगा।

बैठक में विद्युत विभाग, BSNL, जिला परिवीक्षा अधिकारी, ARTO, सहायक स्टाम्प आयुक्त, वाणिज्य कर, सेवायोजन, नगरपालिका, दिव्यांग विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आबकारी, खाद्य एवं रसद, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।