देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के एमबीबीएस छात्रों और चिकित्सकों ने मंगलवार की शाम कैंडल मार्च निकालकर बीआरडी मेडिकल कॉलेज के छात्र आकाश पांडे को न्याय दिलाने की मांग की।
कैंडल मार्च प्रशासनिक भवन से शुरू होकर गेट नंबर एक तक निकाला गया। इस दौरान छात्र-छात्राएं हाथों में कैंडल लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़े। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने ‘जस्टिस फॉर आकाश’ और ‘आकाश पांडे को न्याय दो’ जैसे नारे लिखे पोस्टर और बैनर भी हाथों में लिए हुए थे।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि समाज ने एक होनहार और भविष्य के जीवनरक्षक को खो दिया है। ऐसे में इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। छात्रों ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की जल्द और निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
साथ ही छात्रों ने मुख्यमंत्री राहत कोष से दिवंगत आकाश पांडे के परिजनों को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि देने की भी मांग की। इस दौरान छात्रों ने दिवंगत आकाश पांडे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस मौके पर प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचके मिश्र, डॉ. प्रियंका, डॉ. श्वेता सहित बड़ी संख्या में एमबीबीएस छात्र उपस्थित रहे
