देवरिया में जनसामान्य की सुरक्षा, शांति और विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार सुबह “मार्निंग वॉकर चेकिंग” अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री संजीव सुमन के निर्देशन में यह अभियान दिनांक 16.01.2026 को प्रातः 05:00 बजे से 08:00 बजे तक जनपद भर में संचालित किया गया।
अभियान के तहत सभी थाना प्रभारी एवं थानाध्यक्षों ने मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से आमजन में विश्वास की भावना पैदा करना, छोटे-मोटे विवादों का मौके पर समाधान करना और मित्र पुलिसिंग की अवधारणा को सशक्त बनाना रहा।
चेकिंग के दौरान चोरी की गाड़ियों की धरपकड़, तीन सवारी के खिलाफ कार्रवाई, मॉडिफाइड साइलेंसर वाले दुपहिया वाहनों का चालान, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर कार्रवाई तथा अवैध असलहा व मादक पदार्थों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को अभियान के उद्देश्य और बिंदुओं की जानकारी भी दी।
जनसामान्य ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और मॉर्निंग वॉक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जताया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
अभियान के दौरान जनपद के कुल 14 स्थानों पर चेकिंग करते हुए 262 व्यक्तियों और 158 वाहनों की जांच की गई।
