देवरिया में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में यह अभियान शहर के प्रमुख स्थानों पर संचालित किया गया, जिसमें बस स्टैंड और कसया ओवर ब्रिज प्रमुख रूप से शामिल रहे।

यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले बस, जीप, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई की। इसके साथ ही बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना फिटनेस प्रमाणपत्र और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत चालान और सीज की कार्रवाई की गई।

कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा की जांच कर सही दस्तावेज मिलने पर नंबरिंग की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई। वहीं, बिना हेलमेट और तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने वालों पर भी सख्ती दिखाई गई।

इस अभियान के दौरान कुल 112 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि 2 वाहनों को सीज किया गया। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क हादसों को कम करना है।

प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।