देवरिया में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देशन में शुक्रवार को यातायात प्रभारी गुलाब सिंह अपनी टीम के साथ शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर वाहनों की जांच करते नजर आए।
इस अभियान के तहत भटवलिया चौराहा, सुभाष चौक और बस स्टैंड सड़क पर विशेष रूप से चेकिंग की गई। इस दौरान सड़क किनारे गाड़ी खड़ा कर सवारी भरने वाले वाहनों, बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों, तीन सवारी बैठाकर चलने वाले बाइक सवारों और बिना फिटनेस व ड्राइविंग लाइसेंस के चल रहे ई-रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान और सीज की कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 119 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि 26 वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाना है। साथ ही वाहन चालकों को यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
