देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना परिसर का रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय ने वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की समग्र व्यवस्था, कार्यालय अभिलेखों के रख-रखाव, मालखाना प्रबंधन, हवालात की सुरक्षा व्यवस्था तथा साफ-सफाई की स्थिति का गहन अवलोकन किया गया। अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय में रखे विभिन्न रजिस्टर, अपराध पंजिका, लंबित विवेचनाओं तथा अन्य अभिलेखों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने थानों में पड़े पुराने मुकदमाती माल और जब्त सामान के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को विधिक प्रावधानों के अनुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मालखाना में रखे सामान के अभिलेखीकरण और सुरक्षा व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

हवालात के निरीक्षण के दौरान बंदियों की सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का भी जायजा लिया गया। इसके अलावा मेस और बैरक का निरीक्षण कर साफ-सफाई तथा अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए। शस्त्रागार में उपलब्ध हथियारों की साफ-सफाई, रख-रखाव और नियमित परीक्षण की समीक्षा करते हुए उन्हें मानक के अनुसार सुरक्षित और कार्यशील स्थिति में रखने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान सीसीटीएनएस कार्यालय का भी जायजा लिया गया। अपराध संबंधी सूचनाओं की ऑनलाइन प्रविष्टि, डेटा अपडेट की स्थिति तथा तकनीकी कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

इस मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी तथा थानाध्यक्ष रामपुर कारखाना देवेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।