विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में महाराष्ट्र पुलिस ने मईल थाना क्षेत्र के धरमेर गांव निवासी संतोष यादव को बुधवार को गिरफ्तार कर मुंबई ले गई। पुलिस ने आरोपी के पास से कई लोगों के मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, वोटर आईडी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार संतोष यादव चार वर्ष पहले पॉलिटेक्निक करने के बाद नौकरी की तलाश में मुंबई गया था, जहां वह विदेश भेजने वाले गिरोह के संपर्क में आ गया। कांदीबली क्षेत्र में वह लोगों को विदेश भेजने का लालच देकर रुपये ऐंठने लगा और बाद में फरार हो गया। पीड़ितों ने कांदीबली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में संतोष का नाम और मोबाइल नंबर बताया।
सर्विलांस के आधार पर मुंबई पुलिस बुधवार सुबह मईल थाने पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से धरमेर गांव में छापेमारी कर संतोष को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस उसे उसके घर ले गई, जहां से ठगी से जुड़े दस्तावेज और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
सीओ बरहज राजेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र में ठगी और धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। आगे की जांच और कार्रवाई मुंबई पुलिस करेगी।