देवरिया जनपद के लार थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी का कार्ड बांटने निकले युवक की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से मौत हो गई, जबकि दूल्हा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, सकरापार गांव निवासी राहुल यादव (28) की 21 अप्रैल को शादी तय थी। शनिवार को वह अपने दोस्त सचिन यादव (30) के साथ रिश्तेदारों को निमंत्रण देने खामपार गया था। कार्ड बांटने के बाद दोनों मझौली राज नगर पंचायत के वार्ड नंबर 7 नदावर लौट रहे थे।

इसी दौरान मझौली राज-भाटपार रानी मार्ग पर बाबू बहोरन सिंह के टोला के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि सचिन यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना में एक ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

गंभीर रूप से घायल राहुल यादव का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

इस हादसे के बाद परिवार में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया है।