जनपद देवरिया में शादी का वादा कर बाद में मुकर जाने का आरोप लगाते हुए एक युवती ने अपने प्रेमी के घर के बाहर धरना दिया। अचानक हुए हंगामे से प्रेमी और उसके परिजन सकते में आ गए। रिश्तेदारों और आसपास के लोगों के समझाने-बुझाने के बाद युवती वहां से चली गई। युवती के स्वजनों की तहरीर पर गौरी बाजार थाने में आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

बताया गया कि गौरी बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती और रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के युवक के परिवार आपस में रिश्तेदार हैं। दोनों के परिजन बेंगलुरू में रहते थे, जहां युवक और युवती के बीच नजदीकियां बढ़ीं। करीब एक वर्ष तक दोनों के बीच बातचीत होती रही। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाए और भरोसा दिलाने के लिए पास के एक मंदिर में उससे शादी भी की।

इसी बीच युवक के परिजनों को जानकारी होने पर उसे पढ़ाई के बहाने घर बुला लिया गया। युवती के परिजनों द्वारा शादी का दबाव बनाए जाने पर युवक के घरवालों ने अतिरिक्त दहेज की मांग कर दी। युवती की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर आरोपी युवक संगम निषाद और उसके परिजनों के खिलाफ गौरी बाजार थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।