मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बुधवार को वृद्धाश्रम देवरिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वृद्धजनों से आवास, भोजन, मनोरंजन, समाचार पत्र, गर्म पानी, अलाव, कंबल और दवाइयों सहित उपलब्ध सभी सुविधाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने वृद्धजनों के साथ बैठकर उनसे संवाद किया और उनकी समस्याओं व जरूरतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी देवरिया सुधीर पाण्डेय के साथ उन्होंने वृद्धजनों के साथ भोजन भी किया। निरीक्षण के समय जिला समाज कल्याण प्रवेक्षक संतोष कुमार तिवारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया। शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही वृद्धजनों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए वृद्धाश्रम में आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा शिविर आयोजित कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
