देवरिया के आईटीआई परिसर में आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर में सेवा और संवेदनशीलता का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। भारत सरकार की एडीआईपी एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत 1591 दिव्यांगजन और 40 वरिष्ठ नागरिकों सहित कुल 1631 लाभार्थियों को 2.17 करोड़ रुपये की लागत से 2033 सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस शिविर में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, वॉकिंग स्टिक, स्मार्ट केन और टीएलएम किट जैसे उपकरण प्रदान किए गए, जिससे लाभार्थियों को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

मुख्य अतिथि बी.एल. वर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ‘सबका साथ, सबका विकास’ को धरातल पर उतारना है और दिव्यांगजनों को सम्मान के साथ मुख्यधारा में लाना है। प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह और कैबिनेट मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने भी दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण पर जोर दिया।

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम में पारदर्शिता के लिए क्यूआर कोड और फोटो सत्यापन की व्यवस्था की गई। 16 विकास खंडों से लाभार्थियों को लाकर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम के अंत में लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। सहायक उपकरण पाकर कई लोग भावुक हो उठे और उनके चेहरों पर आत्मविश्वास की झलक साफ दिखाई दी।