देवरिया जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर स्थित स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में कुल 19 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

सदर कोतवाली क्षेत्र के रुद्रपुर मोड़ स्थित एक स्पा सेंटर पर क्षेत्राधिकारी संजय रेड्डी और कोतवाल राकेश कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापा मारा। यहां से आठ युवतियों और छह युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया। सभी को पूछताछ के लिए कोतवाली ले जाया गया है।

इसी क्रम में सलेमपुर क्षेत्र में भी क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार ने नायब तहसीलदार गोपालजी के साथ रामपुर मोड़ स्थित स्पा सेंटर पर दबिश दी। यहां से तीन युवतियां और दो युवक हिरासत में लिए गए। पकड़ी गई युवतियों को चेतावनी देकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि स्पा संचालक और मकान मालिक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि स्पा सेंटरों की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इसी सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से यह छापेमारी की गई। मौके से आपत्तिजनक सामग्री मिलने की भी बात सामने आई है, जिसकी जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है।