देवरिया।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार और उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर 10 फरवरी 2026 को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में “Safer Internet Day–2026” के अवसर पर जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी जिला सूचना विज्ञान अधिकारी कृष्णानंद यादव ने निभाई।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता की। इस वर्ष की थीम “Smart Tech, Safe Choices – Exploring the Safe and Responsible Use of AI” रही। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी कृष्णानंद यादव ने साइबर सुरक्षा, साइबर हाइजीन, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जिम्मेदार प्रयोग पर विस्तार से जानकारी दी।
साइबर सेल के शिवमंगल यादव ने साइबर अपराधों के तरीकों, उनसे बचाव के उपायों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। उन्होंने सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार अपनाने पर जोर दिया।
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि डिजिटल तकनीक और एआई का सुरक्षित उपयोग विकास को गति देता है। ऐसे कार्यक्रम डिजिटल सशक्तिकरण के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।
कार्यशाला का उद्देश्य आमजन और सरकारी कर्मचारियों में डिजिटल साक्षरता बढ़ाना तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना था। जिला प्रशासन ने इसे डिजिटल इंडिया मिशन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर राजीव, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदीश मिश्रा, डीसी एनआरएलएम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
