भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 01 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम जारी किया गया है। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी देवरिया श्रीमती दिव्या मित्तल ने बताया कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराना, उनका संग्रह एवं डिजिटाइजेशन तथा मतदेय स्थलों की संभावित पुनर्व्यवस्था 26 दिसंबर तक की जाएगी।

27 से 30 दिसंबर तक कंट्रोल टेबल का अद्यतन एवं आलेख्य नामावली की तैयारी होगी, जबकि 31 दिसंबर को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। दावे और आपत्तियां 31 दिसंबर 2025 से 30 जनवरी 2026 तक स्वीकार की जाएंगी। सत्यापन व निस्तारण की प्रक्रिया 21 फरवरी 2026 तक चलेगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 28 फरवरी 2026 को किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने अपील की है कि जिन पात्र नागरिकों का नाम वर्ष 2025 की मतदाता सूची में नहीं है, वे फार्म-6 (अनुलग्नक-4 सहित) भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करें या ऑनलाइन आवेदन करें।