गोपालगंज: नगर थाना क्षेत्र के बंजारी वार्ड संख्या दस में बुधवार को संदिग्ध परिस्थिति में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। खेत की ओर जाने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान बंजारी वार्ड संख्या दस निवासी 62 वर्षीय शिवजी साह के रूप में हुई है। बताया गया कि वह बुधवार को घर से निकलकर खेत की तरफ गए थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक वह बेहोश होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें इस हालत में देखा और स्वजनों को सूचना दी। इसके बाद आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
घटना के बाद स्वजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
