गोपालगंज। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के बनकटी गांव के समीप एसएच-90 पर गुरुवार रात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के अनुसार रेवतीथ गांव निवासी हिमांशु कुमार (18), पुत्र मनोज पाण्डेय, गुरुवार रात बाइक से बामो गांव स्थित मामा के घर से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बनकटी गांव के पास एसएच-90 पर पहुंचे, तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया, जिससे हिमांशु की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त होकर ट्रक में फंस गई।

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंचे सुभाष कुमार ने स्थिति संभालते हुए ट्रक को जब्त किया और चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। स्वजनों के पहुंचने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस स्वजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।