मांझागढ़ (गोपालगंज)। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को स्वास्थ्य कर्मियों की साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तारिक इब्राहिम ने की। बैठक में बीते सप्ताह किए गए कार्यों की समीक्षा की गई और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान यूनिसेफ की जिला समन्वयक रूबी कुमारी ने स्वास्थ्य कर्मियों को पोषक क्षेत्र का सर्वेक्षण करने तथा दीवार मार्किंग करने की जानकारी दी। वहीं स्वास्थ्य समिति प्रबंधक सिद्धार्थ कुमार, बीसीएम सुनील कुमार और वीएमसी नवीन कुमार ने सर्वे बुक और ड्यू बुक के अनुसार नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तारिक इब्राहिम ने स्वास्थ्य कर्मियों को समय पर टीकाकरण करने, जनसंख्या स्थिरता के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाना स्वास्थ्य कर्मियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।