रुद्रपुर कस्बे में बस स्टेशन के समीप स्थित अमरनाथ हॉस्पिटल में बुधवार को उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो जाने के बाद अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कृतपुरा निवासी 18 वर्षीय देवानंद उर्फ विकास यादव पुत्र सत्यनारायण पिछले करीब एक सप्ताह से बीमार था। स्वजन के मुताबिक उसे पीलिया की शिकायत थी और उसका उपचार अस्पताल में कराया जा रहा था।
बुधवार को अचानक तबीयत अधिक खराब होने पर परिजन उसे दोबारा अमरनाथ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद चिकित्सक ने युवक को इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और उसकी मृत्यु हो गई।
युवक की मौत की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही और गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
स्थिति तनावपूर्ण होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
कोतवाल कल्याण सिंह सागर ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
