गोपालगंज सदर अस्पताल परिसर में चोरी की घटनाएँ थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार को इमरजेंसी वार्ड के बाहर पार्किंग में खड़ी एक बाइक को अज्ञात चोरों ने उड़ा लिया। बाइक मालिक मिथिलेश कुमार, जो नगर थाना क्षेत्र के इंदरवा अब्दुल्ला गांव के निवासी हैं, किसी कार्य से अस्पताल पहुँचे थे। थोड़ी देर बाद वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि उनकी बाइक गायब है।

मिथिलेश कुमार ने तुरंत नगर थाना पहुंचकर पूरी जानकारी पुलिस को दी। उनका कहना है कि अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था नाम मात्र की है, जबकि यहां सुरक्षा कर्मी तैनात रहने चाहिए। लगातार चोरी की घटनाओं ने लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, एक सप्ताह में सदर अस्पताल से यह तीसरी बाइक चोरी हुई है। इससे मरीजों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और परिसर में निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।