सलेमपुर में जनगणना-2027 की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं आवासीय गणना के लिए प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण सोमवार से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बरसीपार परिसर में शुरू हो गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 से 22 अप्रैल तक पहले चरण में चलेगा, जबकि संपूर्ण प्रशिक्षण 6 मई तक चार चरणों में आयोजित किया जाएगा।

जिला जनगणना अधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण में तहसील स्तर के 319 प्रगणक और सुपरवाइजर हिस्सा ले रहे हैं। फील्ड ट्रेनरों द्वारा प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण, गणना प्रक्रिया और डेटा संकलन से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी जा रही है, ताकि फील्ड में कार्य के दौरान किसी प्रकार की समस्या न आए।

अपर जिलाधिकारी रामशंकर ने प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए जनगणना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह देश की एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके आधार पर सरकारी नीतियां और विकास योजनाएं तैयार की जाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से कार्य को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और सटीकता के साथ करने का आह्वान किया।

जिला प्रभारी श्रीश मिश्रा ने बताया कि इस बार प्रशिक्षण को पूरी तरह व्यवहारिक बनाया गया है। फील्ड ट्रेनर डॉ. गोविंद मिश्रा, अरविंद कश्यप और शिशिर राय ने जानकारी दी कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। इसके लिए मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, 7 मई से 21 मई तक नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी गणना दर्ज कर सकेंगे, जबकि 22 मई से 20 जून तक जनगणना का कार्य पूरी तरह डिजिटल मोड में कराया जाएगा।